उत्तराखंड जनसंपर्कउत्तराखण्ड

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भुवन चंद्र खंडूरी को अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा- उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा…..

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित वसंत विहार में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित की

छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री धामी सीधे स्वर्गीय खंडूड़ी के निवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के पश्चात उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।

राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार प्रदान करने में स्वर्गीय खंडूड़ी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यहित में अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय खंडूड़ी की पुत्री विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण सहित अन्य परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अपूरणीय क्षति केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखण्ड और देश की है।

मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button