धमतरी

CG में वन विभाग की कार्रवाई से भड़के ग्रामीण, बोले- चूड़ियां तक तोड़ दी गईं, ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट घेरा…

धमतरी जिले के जैतपुरी गांव में वन विभाग की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई अब विवादों में घिर गई है। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में लोग धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंच गए। ग्रामीणों ने वन विभाग पर जबरन कार्रवाई और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि कांग्रेस ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पूरा मामला सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुरी में उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत वन विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और वन अमले के बीच विवाद की स्थिति बन गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। इस दौरान कई ग्रामीणों को चोट आने की बात भी सामने आई है

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग ने बिना सूचना और समझाइश के कार्रवाई शुरू कर दी। लोगों का कहना है कि टीम ने घरों में घुसकर लोगों को जबरन बाहर निकाला, जिससे गांव में दहशत फैल गई। वहीं वन विभाग की ओर से लगाए गए आरोपों को ग्रामीणों ने सिरे से खारिज कर दिया है।

घटना के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए डीएफओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने भी हिस्सा लिया और प्रशासन पर ग्रामीणों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

मामले को लेकर पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायत मिली है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में तनाव बना हुआ है।

वन विभाग की कार्रवाई और ग्रामीणों के विरोध के बीच जैतपुरी का मामला अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है। ऐसे में जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button