धमतरी

CG – मक्खियों के आतंक से बेहाल ग्रामीण,मुर्गी फार्म पर ग्रामीणों का धावा, प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी..!

छत्तीसगढ़…धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक के सात गांवों में मक्खियों का ऐसा कहर टूटा है कि लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। मुर्गी फार्म से फैली गंदगी के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और फार्म के सामने घंटों धरना देकर प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया।

बिरझुली समेत आसपास के सात गांवों के ग्रामीण पिछले दो सप्ताह से मक्खियों की समस्या से जूझ रहे हैं। आरोप है कि मुर्गी फार्म में बड़ी मात्रा में मुर्गियों का मलमूत्र और कचरा खुले में पड़ा हुआ है, जिससे मक्खियों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। गांव के घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर मक्खियों का जमावड़ा लग गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि मक्खियों के कारण भोजन करना तक मुश्किल हो गया है। रसोई में रखे खाने से लेकर पीने के पानी तक पर मक्खियां मंडरा रही हैं। स्कूलों में बच्चों को परोसे जाने वाले मध्यान्ह भोजन पर भी मक्खियां बैठ रही हैं, जिससे बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है।

समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को मुर्गी फार्म के सामने मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष धरने पर बैठ गए और तत्काल सफाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।

अधिकारियों ने फार्म प्रबंधन को तीन दिन के भीतर गंदगी हटाने और उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश का पालन नहीं होने पर फार्म को सील कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

अब देखना होगा कि प्रशासन की चेतावनी के बाद मुर्गी फार्म प्रबंधन व्यवस्था सुधारता है या फिर उसे कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button