धमतरी में फिर चोरी की घटना,शिक्षक का सूना मकान बना निशाना, जेवर-नगदी लेकर फरार हुए चोर…

धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में चोरी की एक और बड़ी वारदात सामने आई है। ग्राम कोसमर्रा में शिक्षक के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर लाखों के जेवर और नगदी चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है…
जानकारी के मुताबिक ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे शासकीय हाई स्कूल कोलियारी में व्याख्याता हैं। 13 मई को वे अपने परिवार के साथ अभनपुर में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया…
17 मई की सुबह पड़ोसी ने फोन कर घर का दरवाजा खुला होने और ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार तत्काल गांव पहुंचा। घर के अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे और आलमारी के लॉकर टूटे हुए थे…
चोर घर से सोने का गुलबंद सेट, मंगलसूत्र, टॉप्स, बाली, नथ, लॉकेट सहित कई कीमती जेवरात और चांदी के सामान के साथ नगदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार 700 रुपये बताई जा रही है…
घटना की शिकायत भखारा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है…
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों तक कब पहुंच पाती है।