CG – बड़े नक्सल डंप की रिकवरी, टेकला जंगल से हथियारों का जखीरा बरामद, मिले इतने लाख नकद……

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना ओरछा क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी से नक्सली डंप बरामद हुआ है। वहीं थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से 24 लाख रुपए की नकद राशि भी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि ये कार्रवाई नक्सलियों की सैन्य क्षमता और आर्थिक संसाधनों पर करारा प्रहार है।
नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बलों के संवेदनशील एवं नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इन्हीं अभियानों के दौरान प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
पहली कार्रवाई थाना ओरछा क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी में की गई। यहां जंगल के भीतर नक्सलियों के भूमिगत तरीके से छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण और विस्फोटक सामग्री के बड़े डंप का पता चला। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सावधानीपूर्वक तलाशी ली और डंप को सुरक्षित तरीके से रिकवर कर लिया।
बरामद हथियारों में एक इंसास रायफल, दो एसएलआर रायफल, दो .303 रायफल, दो 30-ओसी बंदूक, एक बीजीएल लॉन्चर , एक सिंगल शॉट बंदूक शामिल हैं. इसके अलावा इंसास, एसएलआर और .303 रायफलों की मैगजीन, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस, 30-ओसी के राउंड, 31 बोर के 50 राउंड, 6.7 एमएम के 28 जिंदा कारतूस, तीन डेटोनेटर और दो बायोफेंग स्कैनर भी बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि नक्सली लंबे समय तक संचालन के लिए हथियारों और संचार संसाधनों का भंडारण कर रहे थे।



