छत्तीसगढ़

पुनर्वासित युवाओं से मिले डिप्टी सीएम विजय शर्मा, बोले — शांति और विकास की राह पर बढ़े बस्तर वन मंत्री केदार कश्यप के साथ पुनर्वास केंद्र का दौरा,युवाओं की समस्याएं सुनीं,सिंचाई व्यवस्था व सरकारी सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

नारायणपुर/उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार शाम नारायणपुर के पुनर्वास केंद्र पहुंचकर हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा से जुड़े युवाओं से आत्मीय संवाद किया।इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने पुनर्वास केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, कौशल विकास प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों की जानकारी ली तथा युवाओं को विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

उप मुख्यमंत्री ने आधार कार्ड,राशन कार्ड,आयुष्मान कार्ड,बैंक खाते सहित अन्य शासकीय सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की और कहा कि सरकार प्रत्येक पुनर्वासित युवक-युवती को सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से अपने पूर्व साथियों को भी पुनर्वास योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

बैठक के दौरान खेतों में सिंचाई के लिए बोर की मांग पर विजय शर्मा ने अधिकारियों को शहीद परिवारों और पुनर्वासित युवाओं का सर्वे कर सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि के माध्यम से स्थायी आजीविका उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आदिवासी समाज ने बस्तर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और अब शांति,विकास व समृद्धि की नई दिशा में सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी.,कलेक्टर कांकेर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक नाराश्री रॉबिन्सन गुरिया सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button