CG – किसान की मौत : ऐसे हुआ हादसे का शिकार, ग्रामीणों ने ये मांग करते हुए बिजली कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन…..

दुर्ग। खेत में काम करने के दौरान फेंसिंग तार की करंट के चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। घटना के पीछे बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव के साथ बिजली कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
मामला अंडा थाना क्षेत्र के चिंगरी गांव का है, जहां वीरेंद्र देशमुख अपने खेत में लगे घास कटाई का काम कर रहा था। किसान के खेत के बीच से बिजली का तार गुजर रहा था। बिजली के खंभे के झुक जाने की वजह से तार खेत के काफी करीब आ गया था, जिससे खेत में काम करने में परेशानी हो रही थी।
खेती और जुताई का काम प्रभावित होने पर वीरेंद्र देशमुख ने दो दिन पहले खुद ही झूल रहे बिजली के तार को सीमेंट के पोल पर बांध दिया था, ताकि खेत में ट्रैक्टर और अन्य कृषि कार्य आसानी से हो सके। उसी पोल पर लोहे की कंटीली फेंसिंग भी लगी हुई थी। किसी कारण से फेंसिंग के तार में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से किसान की मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि कई महीने पहले उन्होंने बिजली विभाग से तार हटाने की मांग की थी। इसके लिए आवेदन भी दिया गया था, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही कोई कर्मचारी मौके का निरीक्षण करने पहुंचा।


