CG – 65 साल के बुजुर्ग को शादी की चाहत पड़ी भारी, रेलवे इंजीनियर बताकर महिला ने लगाया लाखों का चूना, 3 आरोपी गिरफ्तार…..

रायपुर। राजधानी रायपुर में 65 साल के सेवानिवृत्त टेक्निशियन को शादी का सपना दिखाकर 9.50 लाख की ठगी कर ली गई। रिटायर्ड टेक्निशियन की दिल्ली के मैरिज ब्यूरो के माध्यम से एक महिला से जान पहचान हुई थी। महिला ने इस दौरान खुद को सेवानिवृत्त रेलवे इंजीनियर बताया था। बुजुर्ग जब झांसे में आ गया तो महिला ने अलग-अलग बहाने कर रूपए ऐंठे, फिर अचानक अपना फोन ही बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित बुजुर्ग ने इसकी शिकायत तत्काल आजाद चौक थाना में दर्ज करवाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी से जुड़े 3 आरोपियों को पकड़ा है। साथ ही फरार महिला की तलाश की जा रही है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, मनहरण टिकरिहा ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शादी के लिए दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो के माध्यम से उसकी पहचान रजनी शर्मा नामक महिला से हुई। महिला ने खुद को कोरबा निवासी व रेलवे इंजीनियर से सेवानिवृत्त बताया। जान पहचान होने के बाद से दोनों के बीच फोन पर बातचीत होते रहती थी। महिला ने इसी का फायदा उठाकर पारिवारिक कार्यक्रम, दुर्घटना व इलाज सहित अन्य बहाने कर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई।
इस तरह 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 तक कुल 9,50,000 रुपये पलिए। बाद में महिला ने अपना मोबाइल बंद कर दिया, इस प्रकार प्रार्थी से लाखों रूपये की धोखाधड़ी की गई। पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना आजाद चौक में धारा 318(4) बीएनएस एवं 66 डी आई.टी. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना को DCP (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल व पुलिस उपायुक्त (क्राईम एण्ड साईबर) स्मृतिक राजनाला द्वारा गंभीरता से लेते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस की टीम संबंधित मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण कर, जिन बैंक खातों में रकम स्थानांतरित की गई थी, उनके संबंध में जानकारी ली की गई। इस दौरान आरोपियों को ओडिशा में लोकेट किया गया।
पुलिस टीम को बलांगीर ओडिशा रवाना किया गया। वहां टीम द्वारा आरोपी जसवंत डूण्डी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी मनोज राणा व यश नायक को भी पकड़ा गया।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से 3 नग मोबाइल जब्त कर धारा 111(1), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। प्रकरण में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
01. जसवंत डूण्डी पिता कपूरो डूण्डी 27 साल निवासी ग्राम ठेमरा जामतरा थाना सिंदेकला जिला बलांगीर (उडीसा)।
02. मनोज राणा पिता पदमामुखा राणा 33 साल निवासी ग्राम सूलेकला थाना बेलपडा जिला बलांगीर (उडीसा)।
03. यश नायक पिता सुनील नायक 20 साल निवासी मुदीपडा ब्रीज थाना सम्बलपुर टाउन जिला सम्बलपुर (उडीसा)।



