धमतरी

गांव होंगे आत्मनिर्भर, तभी बनेगा विकसित भारत : अरुण सार्वा…धमतरी में ‘वीबी-जी राम’ मिशन का शुभारंभ..!

गांवों की समृद्धि से साकार होगा विकसित भारत का सपना : अरुण कुमार सार्वा..विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) ‘वीबी-जी राम’ का जिला धमतरी में शुभारंभ,ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

 

धमतरी,ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने, आजीविका के साधनों को सशक्त बनाने तथा गांवों को आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) “वीबी-जी राम” का उद्घाटन समारोह जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सार्वा थे। उपाध्यक्ष श्री गौकरण साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन, श्रीमती धनेश्वरी साहू, श्रीमती पूजा सिन्हा, श्रीमती कुलेश्वरी गायकवाड़ सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने नई योजना के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) “वीबी-जी राम” ग्रामीण परिवारों को स्थायी रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं को आर्थिक रुप से सशक्त बनाना, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से विकास कार्यों को गति प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत विभिन्न विभागों के माध्यम से रोजगार सृजन, स्वरोजगार, कौशल विकास, कृषि आधारित गतिविधियों, पशुपालन, उद्यानिकी, लघु उद्योग, महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तीकरण तथा अन्य आजीविका संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और गांवों में आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिलेगी।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गौकरण साहू ने अपने उद्बोधन में योजना के विजन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांव समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने कहा कि यह मिशन ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने वाला है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को विशेष बल मिलेगा। स्वयं सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी योजना की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “वीबी-जी राम” मिशन के माध्यम से गांवों में रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी योजना के प्रति उत्साह व्यक्त किया। उन्हें मिशन के विभिन्न प्रावधानों, रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं, कौशल उन्नयन तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। समूहों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, विपणन तथा तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा जिससे युवाओं का पलायन कम होगा तथा स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत परिसर में वीबी जी राम जी योजना पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसका अवलोकन जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य एवं सरपंच एवं पंचायत पदाधिकारी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक परियोजना अधिकारी श्री धरम सिंह ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रुपरेखा प्रस्तुत की तथा अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button