छत्तीसगढ़

CG – महाठग गिरफ्तार : 5 स्टार होटल में ठहरता, ऐश करता और बिना बिल चुकाए हो जाता था फरार, 10 राज्यों की पुलिस को थी तलाश…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने 69 साल के गजब के ठग को धर-दबोचा है। आरोपी के कारनामे जान आप भी अपने दांतो तले ऊँगली दबा जायेंगे। दरअसल देशभर के 300 से अधिक फाइव स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर ठग को ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिंगसन जॉन (69 वर्ष) निवासी तूतीकोरिन (तमिलनाडु) के रूप में हुई है। उनके खिलाफ मेट्रो शहरों सहित देश के 10 से अधिक राज्यों में अपराध पंजीबद्ध है और करीब 15 वर्ष विभिन्न जेलों, जिनमें तिहाड़ जेल भी शामिल है, में बंद रह चुका है।

पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को विदेशी पर्यटकों का गाइड, अंग्रेजी शिक्षक और योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता था। होटल की सभी सुविधाओं का लाभ लेने के बाद वह बिना बिल चुकाए फरार हो जाता था और होटल के कीमती सामान भी साथ ले जाता था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित होकर इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता था।

मामला थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित होटल हयात का है। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी 25 जून 2026 को होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से निकल गया। उसने होटल का 63,755 रुपये का बिल नहीं चुकाया और होटल प्रबंधन द्वारा विशेष अनुरोध पर उपलब्ध कराया गया करीब 1.48 लाख रुपये मूल्य का लैपटॉप भी साथ ले गया। होटल द्वारा संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी का लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिला, जहां टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वर्ष 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से अधिक महंगे होटलों में इसी तरह की ठगी और चोरी की वारदात कर चुका है। वर्ष 1996 में पहली बार तिहाड़ जेल गया था और उसके बाद लंबे समय तक विभिन्न राज्यों की जेलों में रहा। जेल से छूटने के बाद उसका अगला निशाना हमेशा कोई फाइव स्टार होटल होता था।

पुलिस ने आरोपी बिंगसन जॉन के कब्जे से होटल का लैपटॉप बरामद कर लिया है। उसके खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के देशभर में दर्ज अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button