CG- रायपुर कृषि विश्वविद्यालय के छात्रावास में बड़ा हादसा, भरभरा कर गिरा छत का प्लास्टर, फिर जो हुआ….. छात्रों में दहशत का माहौल…..

रायपुर। राजधानी स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) के शिवम छात्रावास में बड़ा हादसा हो गया। छात्रावास के एक कमरे की छत का लगभग पूरा प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे कमरे में मौजूद एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में छात्र के सिर पर चोट आई, जबकि कमरे में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार छात्र को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर देर रात ही शिवम छात्रावास के छात्रों को अपने कमरे खाली करने के निर्देश दिए गए। सभी छात्रों को अन्य सुरक्षित कमरों में शिफ्ट किया गया। आधी रात को हुए इस घटनाक्रम से छात्र काफी भयभीत नजर आए।
घटना के विरोध में छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास की जर्जर स्थिति को लेकर वे पहले भी कई बार विश्वविद्यालय प्रबंधन को लिखित और मौखिक रूप से अवगत करा चुके थे, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय पर मरम्मत कराई जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
विरोध प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कुलपति के वाहन के सामने लेटकर प्रदर्शन किया, जबकि एबीवीपी ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर छात्रावासों की तत्काल मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


