CG – दर्दनाक हादसा : मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, नौ लोग हुए घायल, तीन की हालत गंभीर, वाहन के उड़े परखच्चे…..

कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में मजदूरों से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। वाहन में 12 से अधिक मजदूर सवार थे। इनमें 9 मजदूर घायल हुए हैं, तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ मजदूर वाहन के नीचे दब गए, जिन्हें राहगीरों और ग्रामीणों ने बाहर निकाला। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
रजगामार के दरगा गांव के मजदूर रोज की तरह पिकअप में सवार होकर गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री काम करने जा रहे थे। बनखेता गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी और सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल बचाव व राहत कार्य शुरू किया। वाहन के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकालकर पुलिस और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। हादसे में दरगा गांव की उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। घायल सविता ने बताया कि सभी मजदूर सुबह काम पर जाने के लिए पिकअप में सवार हुए थे। रास्ते में अचानक वाहन पलट गया और पेड़ से टकरा गया।
गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में आसपास के गांवों से मजदूर काम करने जाते हैं। ठेकेदार मजदूरों के आवागमन के लिए पिकअप वाहन की व्यवस्था करता है, लेकिन उसमें क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया जाता है। पुलिस भी तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे का प्रमुख कारण मान रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया, घटना सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल भेजकर उपचार कराया गया है। चालक के खिलाफ लापरवाही और यातायात नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फैक्ट्री प्रबंधन और संबंधित ठेकेदार को भी नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



