CG भाई-बहन की मौत : हृदयविदारक घटना, पानी से भरे गड्ढे में गिरकर मासूम भाई-बहन की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल…..

गरियाबंद। जिले के नगर पंचायत कोपरा से हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां घर के बाहर खेल रहे भाई-बहन की कचरा फेंकने के गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट तक पानी भरा हुआ था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कोपरा के तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू बारिश थमने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों घर के समीप स्थित घुरवा गड्ढे के पास पहुंच गए। आशंका है कि खेलते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे दोनों गहरे पानी में गिर गए और डूब गए।
जब काफी देर तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चे घुरवा गड्ढे में मिले। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।



