लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर कलेक्टर का जोर,योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

कवर्धा/कलेक्टर गोपाल वर्मा ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना, एग्रीस्टेक,राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि,पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने स्कूलों में विशेष अभियान चलाकर विद्यार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल में ऐसे विद्यार्थियों की सूची तैयार की जाए जिनके कार्ड अभी तक नहीं बने हैं तथा आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार कर शिविरों के माध्यम से सभी पात्र विद्यार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। साथ ही राशन कार्ड के आधार पर छूटे हुए पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनके भी कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में आय,जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शिक्षकों को समय पर आवेदन तहसीलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को शैक्षणिक कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने बताया कि 9 जुलाई से नगरीय पट्टा सर्वे अभियान शुरू होगा। इसके लिए गठित सर्वे दल वार्डवार सर्वे करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझते हुए पूरी पारदर्शिता और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सर्वे कार्य करने के निर्देश दिए।
एग्रीस्टेक योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शेष किसानों का पंजीयन अभियान चलाकर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए,ताकि किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी तहसीलदारों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग देने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में उन्होंने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण कराने तथा गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल,एडीएम विनय पोयाम, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, सभी एसडीएम,तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



