छत्तीसगढ़

CG – घर में आग लगने से जिंदा जले पति-पत्नी, दोनों की मौके पर हुई दर्दनाक मौत, हादसा या साजिश…..मामले की जांच में जुटी पुलिस…..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से हृदयविदारक हादसा सामने आया। धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोधा में एक घर में अचानक आग लगने से बुजुर्ग दंपती जिंदा जल गए। आग इतनी भीषण थी कि दोनों घर से बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान मंगलु राम राठिया (65 वर्ष) और उनकी पत्नी पूनई बाई के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम औरामुड़ा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वे खेती-किसानी के कार्य से ग्राम क्रोधा आए हुए थे और वहीं एक घर में ठहरे थे।

जानकारी के अनुसार, अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के बीच फंसे बुजुर्ग दंपती बाहर नहीं निकल पाए, जिससे दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही धर्मजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और प्रशासन से आग लगने के कारणों का जल्द खुलासा करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button