धमतरी के वंदना विहार में प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा, कथित धर्मांतरण के आरोपों पर हिंदू जागरण मंच ने की शिकायत..!

Chhattisgarh धमतरी शहर के वंदना विहार कॉलोनी में रविवार सुबह प्रार्थना सभा को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडिशनल एसपी डीसी पटेल भी मौके पर पहुंचे और लोगों को वहां से हटाकर दोनों पक्षों की बात सुनी।
प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वंदना विहार क्षेत्र स्थित इस मकान में बार-बार प्रार्थना सभा आयोजित की जाती है। मंच के मुताबिक, स्थानीय लोगों द्वारा पहले भी इस संबंध में शिकायत की गई थी। रविवार को जब कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, तब वहां प्रार्थना सभा आयोजित होने की बात सामने आई।
मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पुलिस ने फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में किस प्रकार की सभा आयोजित की जा रही थी, उसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और सभा का उद्देश्य क्या था।
एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदू जागरण मंच ने की कार्रवाई की मांग
हिंदू जागरण मंच के चित्रेश साहू और पुरुषोत्तम निषाद ने कहा कि यदि किसी निजी मकान में धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं तो उसकी आड़ में किसी भी प्रकार का धर्मांतरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस की मौजूदगी में स्थिति शांत
फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में मौके पर स्थिति शांत है। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है। ऐसे में लगाए गए धर्मांतरण के आरोप सही हैं या मामला केवल धार्मिक सभा तक सीमित है, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही होगा।