CG – पोस्ट ऑफिस एजेंट का बड़ा फर्जीवाड़ा, 150 खाताधारकों से करोड़ों की धोखाधड़ी, एजेंट की करतूत से मचा हड़कंप, पुलिस ने आरोपी को ऐसे धर दबोचा…..

जांजगीर-चांपा। पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर हर महीने रकम जमा करने के नाम पर खाताधारकों से धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने करीब 150 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूल की, लेकिन उसे संबंधित आरडी खातों में जमा नहीं कराया।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 3 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक बरामद कर जब्त की गई हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस धोखाधड़ी में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
दरअसल, प्रार्थी हेमंत कुमार देवांगन निवासी चांपा ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु व उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते है। आरोपी द्वारा पोस्ट ऑफिस में पैसा जमा करने पर अधिक लाभ मिलने का विश्वास दिलाकर आरडी खाता खुलवाया।
प्रार्थी से आरोपी द्वारा 1 सितम्बर 22 से 12 फरवरी 26 तक कुल 1,21,200 जमा करने के नाम पर लिए गए, जिसकी एंट्री डायरी में की जाती थी। बाद में पोस्ट ऑफिस से प्राप्त जानकारी में खाते में मात्र 21,000 जमा होना पाया गया। इस तरह 1,00,200 की राशि खाते में जमा नहीं कर गबन व धोखाधड़ी की गई।
पूछताछ में खुला करोड़ों की धोखाधड़ी का राज
रिपोर्ट पर थाना चांपा में धारा 316(5), 318(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच शुरू की गई। जाँच के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु पिता राजेश गुप्ता 39 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी की राशि खाते में जमा न कर गबन करने की बात स्वीकार की। साथ ही पोस्ट ऑफिस के लगभग 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं करने की बात भी सामने आई।
शेयर ट्रेडिंग में निवेश
पूछताछ में आरोपी ने उक्त राशि को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात बताई है। पुलिस द्वारा आरोपी से 3 नग मोबाइल, पासबुक व चेकबुक जब्त किए गए हैं। मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उनि भवानी सिंह चौहान, सउनि भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उनि रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे एवं थाना स्टाफ चांपा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



