CG – खेत में काम कर रही महिलाओं पर गिरी आसमानी आफत, 2 की मौत, 20 घायल, ऐसे हुई हादसे की शिकार…..

जशपुर। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां धान की रोपाई कर रही छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की महिला मजदूरों पर अचानक बिजली गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
तेज बारिश के बीच गिरी बिजली
महिलाएं खेत में धान की रोपाई कर रही थीं, तभी मौसम बदला और बारिश के साथ तेज गरज-चमक शुरू हो गई। इसी दौरान खेत में बिजली गिर गई। चंपा तिर्की (28) और सुशीला तिर्की (26) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में फूलकी बड़ा, सबा तिर्की और सरस्वती तिर्की सहित 20 से अधिक मजदूर घायल हुई हैं। सभी घायलों का उपचार सबडेगा अस्पताल में जारी है। तीन घायल महिलाओं की हालत गंभीर है, जबकि तीन अन्य की स्थिति स्थिर है।
जशपुर जिले के ओडिशा सीमा से लगे तुमला और तपकरा थाना क्षेत्रों के गांवों से बड़ी संख्या में मजदूर धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों के लिए नियमित रूप से ओडिशा जाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दिनों मजदूरों को खेतों तक पहुंचाने के लिए 10 से 15 पिकअप वाहन रोजाना सीमावर्ती गांवों से ओडिशा की ओर आवाजाही करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई मजदूर समूह बनाकर पिकअप वाहनों से ओडिशा जाते हैं और दिनभर खेतों में काम करने के बाद वापस लौटते हैं।



