CG – 1.15 करोड़ की ठगी का बड़ा खुलासा, महाराष्ट्र-MP-गुजरात के 4 आरोपी गिरफ्तार; ऐसे बिछाते थे जाल…..

रायपुर। रेंज साइबर थाना रायपुर ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर करीब 1.15 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर पीड़ितों को अपने जाल में फंसाया और उनसे लाखों-करोड़ों रुपये की रकम ठग ली। पीड़ितों की शिकायत के बाद रेंज साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।
चारों आरोपी अलग-अलग राज्यों में रहकर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
जानिए पूरा मामला
पहला मामला प्रार्थी डागेश चंद्राकर ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के नाम से उनसे 69 लाख रुपए की ठगी की रिपोर्ट थाना पलारी बलौदा बाजार में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 383/24 धारा 318(4) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया। जाँच में कार्रवाई करते हुए आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए बैंक खातों व मोबाइल नंबरों की जानकारी ली गई। शुभम चौहान और साबले प्रेम विश्वास द्वारा फर्जी कंपनी और फर्जी सिम के माध्यम से अन्य आरोपियों की मदद से फर्जी बैंक खातों में प्रार्थी से रकम जमा करवाए गए थे। इन बैंक खातों में अलग अलग राज्यों के 20 से अधिक पुलिस थाना व साइबर सेल मे रिपोर्ट दर्ज है। दोनों आरोपियों को सूरत गुजरात से गिरफ्तार किया गया है।
दूसरा मामला प्रार्थी मुकेश विश्वकर्मा ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के नाम से पर 12 लाख ठगी की शिकायात दर्ज करवाई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुज सेन को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। अनुज सेन कटनी मध्यप्रदेश का रहने वाला है यह जबलपुर, इंदौर जाकर फर्जी कंपनी बनाकर उन कम्पनियों के नाम से बैंक अकाउंट खुलवाने के साथ अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी करने का कार्य करता था।
तीसरा मामला प्रार्थी वेदप्रकाश बघेल ने शेयर ट्रेडिंग के नाम से 34 लाख रुपए की ठगी की रिपोर्ट थाना मंदिर हसौद में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर धारा 318(4) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया। जाँच में कार्रवाई करते हुए आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए बैंक खातों व मोबाइल नंबरों की जानकारी ली गई। विक्की लक्ष्मीचंद राहंगडाले निवासी गोंदिया महाराष्ट्र द्वारा फर्जी कंपनी और फर्जी सिम के माध्यम से अन्य साथियों की सहायता से जयपुर राजस्थान जाकर फर्जी बैंक खातों में प्रार्थी से रकम जमा करवाए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
(1) शुभम चौहान पिता उदय सिंग चौहान उम्र 22 वर्ष पता D-1 201 ढूंढीगांव बमरौली अनुपम सिटी, पांडेसरा जिला सुरत गुजरात स्थाई पता- मध्यप्रदेश
(2) साबले प्रेम विशवास पिता विशवास उम्र 23 वर्ष पता 383, पटेल नगर PS गोडादरा जिला सुरत गुजरात
(3) अनुज सेन पिता महेश सेन उम्र 29 वर्ष पता वार्ड नंबर 5 कैलवार कटनी मध्यप्रदेश
(4) विक्की राहंगडाले पिता लक्ष्मीचंद राहंगडाले उम्र 33 वर्ष पता चुटिया गोंदिया महाराष्ट्र



