CG : मिड-डे मील बना मुसीबत! खाने के बाद 28 छात्राओं की बिगड़ी तबीयत, भोजन में मिली ये गोली, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप……

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या शाला में मध्यान्ह भोजन को लेकर हड़कंप मच गया। स्कूल में छात्राओं को परोसे गए भोजन में कथित तौर पर डामर जैसी गोली मिलने की बात सामने आई। भोजन करने के बाद कई छात्राओं ने पेट दर्द और तबीयत खराब होने की शिकायत की।
मामला सामने आते ही स्कूल प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में प्रभावित छात्राओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी भी हरकत में आए और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। फिलहाल 28 छात्राओं का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्कूल में बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन में डामर की गोली कैसे पहुंची। क्या भोजन बनाने के दौरान रसोइया की लापरवाही हुई या खाद्य सामग्री की जांच में कोई बड़ी चूक हुई? फिलहाल इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।



