CG हाई-टेक जुआ नेटवर्क का भंडाफोड़ : अरपा किनारे टेंट में सजता था जुए का ‘गुप्त अड्डा’, ग्रामीण बनकर पहुंची पुलिस,फिर जो हुआ…

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में अरपा नदी के किनारे चल रहे जुए के एक बड़े अड्डे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सुनसान इलाके में टेंट और तिरपाल लगाकर जुआ खेलने और खिलाने की व्यवस्था की गई थी। पुलिस को इसकी भनक ग्रामीणों और मुखबिर से मिली, जिसके बाद पुलिस ने ऐसी रणनीति बनाई कि जुआरियों को कार्रवाई का जरा भी अंदाजा नहीं हो सका।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बनाई खास रणनीति
मामला ग्राम पिरैया का है, जहां अरपा नदी के किनारे लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। बताया गया कि जुआरी सुनसान जगह देखकर टेंट और तिरपाल लगाते थे और वहीं ताश के पत्तों पर दांव लगाते थे। कार्रवाई से बचने के लिए ठिकाना भी बदलते रहते थे।
सूचना मिलने के बाद चकरभाठा थाना प्रभारी भावेश शेंडे ने टीम के साथ विशेष योजना बनाई। पुलिसकर्मी वर्दी के बजाय ग्रामीण और किसान के भेष में नदी किनारे पहुंचे, ताकि जुआरियों को पुलिस की मौजूदगी का शक न हो।
पुलिस को देखते ही मची भगदड़
पुलिस टीम ने जैसे ही जुए के फड़ की घेराबंदी की, वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई जुआरी मौके से भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलेश साहू (25), संदीप भारद्वाज (26), साहिल घोषले (19), तीनों निवासी पिरैया, तथा चंद्रप्रकाश भार्गव (42), निवासी दुर्गडीह, बिल्हा के रूप में हुई है।
नकदी, बाइक और मोबाइल समेत हजारों का सामान जब्त
पुलिस ने मौके से ₹15,730 नकद, 52 पत्ती ताश, पीले रंग की तिरपाल, होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल (CG 10 BY 6140) और चार स्मार्टफोन जब्त किए हैं। इनमें तीन वीवो और एक ओप्पो मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत ₹95,730 है।
ठिकाना बदलकर चलाते थे जुए का फड़
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अन्य लोगों के साथ मिलकर जुआ खिलाते थे और पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए बार-बार जगह बदलते थे। नदी किनारे सुनसान स्थान देखकर टेंट लगाया जाता था और वहीं जुए का फड़ संचालित किया जाता था।
मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के साथ BNS की धारा 112 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को बिल्हा न्यायालय में पेश किया गया है।



