
Chhattisgarh dhamtari नगरी विकासखंड में किसानों से खाद की निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने और खाद विक्रय में अनियमितता की शिकायत सामने आई है। मामले को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन, ब्लॉक नगरी ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
संगठन का आरोप है कि क्षेत्र के कुछ खाद विक्रेताओं द्वारा शासन की निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेची जा रही है। इसके अलावा किसानों को खाद के साथ अन्य सामग्री खरीदने के लिए मजबूर करने तथा स्टॉक और बिक्री में अनियमितता की शिकायतें भी मिल रही हैं।
भीम आर्मी ने नगरी विकासखंड के सभी खाद विक्रय केंद्रों की जांच की मांग की है। संगठन ने खाद का स्टॉक, निर्धारित विक्रय मूल्य, स्टॉक व बिक्री रजिस्टर, बिल और रसीद समेत पूरी विक्रय प्रक्रिया की जांच कर अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
संगठन ने यह भी मांग की है कि खाद दुकानों के बाहर निर्धारित कीमत और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए और प्रत्येक किसान को खाद खरीदने पर बिल या रसीद अनिवार्य रूप से दी जाए। साथ ही खाद के साथ किसी अन्य सामग्री की अनिवार्य खरीद के लिए किसानों को बाध्य करने वालों पर कार्रवाई की जाए।
भीम आर्मी ने प्रशासन को 5 दिन के भीतर जांच कर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में किसानों के हित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष पंकज कोशरे, उपाध्यक्ष अमन राज निराला, चित्र कुमार मरकाम, महासचिव संजय जोशी, सचिन डमरू चतुर्वेदी, मीडिया प्रभारी सोमन लहरे, राहुल चेलक, चंद्रहास बेर, विजय बंजारे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।