Chhattisgarh Rain Alert: छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन बारिश का दौर, कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट,मौसम विभाग ने जारी की की चेतावनी…

डेस्क : छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 26 अगस्त को रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम ?
प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई है। रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में तेज हवा और बिजली का अलर्ट
रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सूरजपुर, सरगुजा और कोरिया में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। इन जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया समेत कई जिलों में भी गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
27-28 अगस्त को भी होगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों में भी प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी।



