छत्तीसगढ़

बोड़ला एसडीएम कार्यालय में कलेक्टर का औचक निरीक्षण,लंबित राजस्व प्रकरणों पर सख्ती।

कवर्धा/ कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय बोड़ला का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं और राजस्व प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम कोर्ट, राजस्व निरीक्षक कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं तहसील न्यायालय का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय के रीडर से प्राप्त एवं लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को समय-सीमा में मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने कहा। वनाधिकार पत्र से संबंधित आवेदनों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमों एवं प्रावधानों का अध्ययन कर प्रकरणों का उचित परीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने खाद्य निरीक्षक कार्यालय एवं सेवा सेतु केंद्र का भी निरीक्षण किया। सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। ऑपरेटरों को उचित प्रशिक्षण देने तथा सेवा सेतु केंद्र के बाहर आवश्यक दस्तावेजों की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने कहा, ताकि दस्तावेजों की कमी या तकनीकी कारणों से आवेदन अनावश्यक रूप से निरस्त न हों।

कार्यालय भवन की स्थिति का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने आवश्यक मरम्मत के लिए स्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने शत-प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने तथा अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम आशुतोष शर्मा,तहसीलदार हुलेश्वर पटेल,जनपद सीईओ आकाश राजपूत सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button