छत्तीसगढ़

CG – अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मरीजों में मची भगदड़, मोबाइल टॉर्च की रोशनी में इलाज करने को मजबूर हुए डॉक्टर…..

बिलासपुर। CIMS अस्पताल में शुक्रवार सुबह मुख्य बिजली पैनल में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई। धुआं और आग की लपटें उठते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय मरीजों के परिजनों की आवाजाही जारी थी। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति संभाली और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फौरन मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके चलते आईसीयू, टीबी वार्ड, कैंसर ओपीडी और रसोई घर में ब्लैकआउट हो गया, जिसके बाद चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को मोबाइल की लाइट जलाकर स्वास्थ्य सेवाएं देनी पड़ीं।

पैनल बोर्ड से तेज आवाज और धुआं निकलते देख सिम्स के कर्मचारी फौरन राहत कार्य में जुट गए। अस्पताल प्रबंधन द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले अग्निशमन प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल की बदौलत कर्मचारियों ने बिना वक्त गंवाए वहां रखे फायर फाइटिंग सिलेंडरों का इस्तेमाल किया और आग को फैलने से रोक लिया। अगर थोड़ी सी भी देरी होती तो आग बेहद संवेदनशील मेडिकल वार्डों तक पहुंच सकती थी। कर्मचारियों की इस त्वरित सतर्कता के कारण एक बेहद खौफनाक दुर्घटना होने से बच गई और परिसर में मौजूद मरीजों तथा उनके तीमारदारों ने राहत की सांस ली।

सिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि रसोई कक्ष के समीप मौजूद बिजली के पैनल में अचानक शार्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ था, जिस पर स्टाफ ने समय रहते पूरी तरह काबू पा लिया। उन्होंने आगे जानकारी दी कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को तत्काल प्रभाव से अस्पताल परिसर की पूरी पुरानी वायरिंग बदलकर नई व्यवस्था बहाल करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button