
Chhattisgarh धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुंडी में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी पर लोहे के हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने शराब पीने से मना करने पर पत्नी के सिर पर कई बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात ग्राम भैंसमुंडी निवासी चम्मन लाल साहु शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान पत्नी किरण साहु द्वारा शराब पीने से मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
एसपी के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय के निर्देश पर मगरलोड पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे जल्द ही हिरासत में ले लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा और अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
थाना मगरलोड में आरोपी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
