धमतरी

धमतरी में अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 वाहन जब्त; 309 प्रकरणों में 89.64 लाख का जुर्माना

Chhattisgarh धमतरी जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए 5 वाहनों को जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, विगत 2 सितंबर को खनिज विभाग की टीम ने ग्राम अछोटा, कोलियारी, अमेठी, परसुली और आसपास के क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर पांच वाहनों को जब्त कर लिया गया।

जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

309 मामलों में 89 लाख से अधिक का अर्थदंड

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3 सितंबर 2026 तक जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 309 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

इन मामलों में अब तक 89 लाख 64 हजार 281 रुपये का अर्थदंड वसूल कर खनिज मद में जमा कराया गया है। साथ ही नियमानुसार संबंधित प्रकरणों का निराकरण किया गया है।

उड़नदस्ता दल की लगातार निगरानी

जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग का उड़नदस्ता दल लगातार निगरानी और जांच कर रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में आकस्मिक जांच के साथ ही प्राप्त शिकायतों पर भी तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button