छत्तीसगढ़

CG- मानव तस्करी का घिनौना खेल बेनकाब : बच्चों को बहला-फुसलाकर ले गए यूपी, बेचने की थी तैयारी, आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार…..

मनेंद्रगढ़। जनकपुर पुलिस ने दो अपहृत मासूम बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चों को उत्तर प्रदेश ले जाकर बंधुआ मजदूरी के लिए बेचने की साजिश रची गई थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।

जानकारी के मुताबिक, 3 सितंबर को कुन्दौर निवासी दलबीर बैगा दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर ले गया था। बच्चों के लापता होने के बाद परिजनों ने जनकपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों तक पहुंचने के लिए जाल बिछाया।

पुलिस की कार्रवाई और लगातार बढ़ते दबाव के बाद सह-आरोपी मनराज बैगा दोनों बच्चों को लेकर वापस लौटा। पुलिस ने छत्तीसगढ़ के चरखर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने मनराज बैगा के खिलाफ नई बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।

इस मामले का मुख्य आरोपी दलबीर बैगा अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button