CG – लव मैरिज के बाद उजड़ा घर, पति-पत्नी दोनों फंदे पर मिले, मौत से मचा हड़कंप….एक साल पहले रचाई थी शादी…..

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से पति-पत्नी की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर के अंदर दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों की मौत के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, मिलाप ध्रुव और उसकी पत्नी मंजुला ध्रुव साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि मिलाप ने इससे पहले किसी बात से आहत होकर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद बीती रात उसने फांसी लगाकर जान दे दी। पति की मौत के बाद पत्नी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही अमलीपदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आत्महत्या की वजह अब भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस दोनों परिवारों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। दंपती के बीच किसी तरह का विवाद या पारिवारिक अनबन थी या घटना के पीछे कोई अन्य कारण, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।



