गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक से मारपीट कर लूट, धमतरी पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार…

Chhattisgarh धमतरी में गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक के साथ मारपीट कर लूट की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल व स्कूटी बरामद की गई है।
मामला 14 सितंबर का है। बालोद जिले के ग्राम बोरिदकला निवासी 24 वर्षीय रोहित कुमार यादव अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से गणेश प्रतिमा खरीदने धमतरी के कुम्हारपारा आ रहा था। इसी दौरान रिसाईपारा म्युनिसिपल स्कूल के पास दो दोपहिया वाहनों में सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए रोहित और उसके साथियों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उसका पर्स लूट लिया। पर्स में 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और दो बैंक के एटीएम कार्ड रखे हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। घटनास्थल, प्रार्थी के बताए हुलिए और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रिसाईपारा क्षेत्र में दबिश देकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजवीर सिंह उर्फ गिन्नी मेहरा, उम्र 20 वर्ष और राहुल उर्फ रोहित सोना, उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने राजवीर के कब्जे से 1 हजार रुपये नकद, प्रार्थी के महत्वपूर्ण दस्तावेज, दो एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं राहुल के कब्जे से 1 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की गई है।
सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।