CG – बर्खास्त ब्रेकिंग: आरक्षक को SP ने किया बर्खास्त, डायल 112 की ड्यूटी में की ऐसी गलती… चली गई नौकरी, जानें पूरा मामला…..

बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और डायल 112 वाहन दुर्घटना मामले में आरक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच के बाद आरक्षक संजय मारकण्डे को एसपी वैभव बैंकर ने बर्खास्त कर दिया है।
मामला वाड्रफनगर चौकी और बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। 7 जुलाई 2026 की रात डायल 112 वाहन क्रमांक CG 03 A-2749 में आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे की ड्यूटी लगाई गई थी. रात करीब 11:40 बजे इवेंट की सूचना मिलने पर आरक्षक और वाहन चालक ओमप्रकाश यादव ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए थे।
इसी दौरान करीब 11:45 बजे वाड्रफनगर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के आगे डायल 112 वाहन की सामने से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक UP-64 CT-1055 से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में डायल 112 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद आरक्षक और चालक के हाव-भाव से उनके शराब के नशे में होने की आशंका हुई। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में आरक्षक संजय मारकण्डे और चालक के ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
विभागीय जांच में आरक्षक और चालक के नशे की हालत के कारण डायल 112 वाहन का दुर्घटनाग्रस्त होना प्रमाणित हुआ। इसे ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और गंभीर कदाचरण माना गया। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर ने 19 सितंबर 2026 को आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया।



