छत्तीसगढ़

CG- कब्र में दफन हो चुकी थी महिला, फिर अचानक खोदकर निकाला गया शव…मायके पक्ष ने किया ये दावा, जांच में जुटी पुलिस…..

राजिम। गरियाबंद जिले के तर्रा गांव में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पांडुका पुलिस ने फोरेंसिक टीम और राजिम के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में महिला की कब्र दोबारा खुदवाई। इसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर महिला की मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

जाने पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान बबीता (32) के रूप में हुई है। मायके पक्ष का दावा है कि 16 सितंबर को बबीता के भाई ने तीजा के बाद उसे ससुराल में स्वस्थ हालात में छोड़ा था, लेकिन 16 सितंबर की दरम्यानी रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद ससुराल पक्ष ने 17 सितंबर को शव का कफन-दफन कर दिया था।

मायके पक्ष का दावा

हालांकि, मृतका के नाक में खून के निशान समेत कुछ अन्य संदिग्ध तथ्यों को देखकर मायके पक्ष ने उसकी मौत पर सवाल उठाए और पांडुका पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताई। बताया जा रहा है कि मृतका के पति मनोज के खिलाफ वर्ष 2019 में मारपीट का मामला भी दर्ज हो चुका है। मायके पक्ष का दावा है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन घरेलू विवाद होते थे। इन्हीं परिस्थितियों के चलते परिवार ने महिला की मौत को लेकर संदेह जताया है।

जांच के बाद होगा मामले का खुलासा

मायके पक्ष की शिकायत और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन की अनुमति से पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकलवाया। फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अब पीएम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button