CG खेत से जापान तक पहुँची नगरी दुबराज की खुशबू, महिला किसानों ने रची सफलता की नई कहानी…

धमतरी नगरी अंचल की पारंपरिक पहचान और अपनी खास सुगंध के लिए प्रसिद्ध नगरी दुबराज अब खेतों और स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं है। जीआई टैग प्राप्त इस सुगंधित धान की खुशबू देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ अब जापान तक पहुंच चुकी है। गट्टासिल्ली फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) ने जैविक उत्पादन, ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग के जरिए नगरी दुबराज को नई पहचान दिलाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
महिला नेतृत्व बना बदलाव की ताकत
इस पूरी पहल की खास बात महिला किसानों की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व है। महिलाएं अब केवल धान के उत्पादन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गुणवत्ता, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और सामूहिक विपणन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। एफपीओ के माध्यम से महिलाओं को बाजार की जरूरतों को समझने और अपने उत्पाद को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
जापान तक पहुंची नगरी की पारंपरिक खुशबू
गट्टासिल्ली एफपीओ के प्रयासों से नगरी दुबराज ने स्थानीय बाजार से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में दस्तक दी है। हाल ही में इसकी एक खेप जापान भेजी गई, जिसे क्षेत्र के किसानों और महिला नेतृत्व वाले एफपीओ की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
यह पहल दिखाती है कि पारंपरिक कृषि उत्पाद को बेहतर गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और व्यवस्थित मार्केटिंग के साथ वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जा सकता है।
अमेजन और ओएनडीसी जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से बढ़ी पहुंच
एफपीओ ने बदलते बाजार को देखते हुए नगरी दुबराज को अमेजन, ओएनडीसी और ट्राइब्स इंडिया जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की पहल की है। इससे देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले उपभोक्ता भी इस पारंपरिक सुगंधित चावल को ऑनलाइन खरीद सकते हैं।
खेत से बाजार तक पूरी प्रक्रिया पर जोर
एफपीओ का प्रयास केवल धान की बिक्री तक सीमित नहीं है। किसानों को उत्पादन से लेकर संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, लेबलिंग और विपणन तक व्यवस्थित बाजार व्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। आकर्षक पैकेजिंग और ब्रांडिंग के जरिए नगरी दुबराज को प्रीमियम स्थानीय उत्पाद के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन और ‘प्रदान’ का सहयोग
इस पहल को आगे बढ़ाने में जिला प्रशासन के सहयोग और मार्गदर्शन के साथ प्रदान द्वारा किसानों एवं एफपीओ को क्षमता निर्माण, जैविक उत्पादन, संस्थागत विकास और बाजार से जोड़ने के लिए किया जा रहा सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है।
‘नगरी की पहचान—नगरी दुबराज’ को वैश्विक पहचान दिलाने का संकल्प
गट्टासिल्ली एफपीओ का उद्देश्य केवल नगरी दुबराज की बिक्री बढ़ाना नहीं, बल्कि इसे नगरी की मजबूत स्थानीय पहचान और ब्रांड के रूप में स्थापित करना है। किसानों की पारंपरिक विरासत को आधुनिक बाजार और नई पीढ़ी से जोड़ते हुए इसे देश और दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।
नगरी दुबराज अब सिर्फ एक धान नहीं, बल्कि नगरी की पहचान, किसानों की विरासत और छत्तीसगढ़ की कृषि-सुगंध को दुनिया तक पहुंचाने की कहानी बन रहा है।
संपर्क: आरती कश्यप: 6261420096
ओम प्रकाश साहू: 7987770096
प्रतिमा: 6263392875
ई-मेल: gattasillifpc2021@gmail.com
पता: गट्टासिल्ली गांव, ब्लॉक नगरी, जिला धमतरी, छत्तीसगढ़ – 493778

