सेवा ही संकल्प अभियान: नवागढ़ में 09 अक्टूबर को स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

सेवा ही संकल्प अभियान: नवागढ़ में 09 अक्टूबर को स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
बेमेतरा/नवागढ़, सेवा ही संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवागढ़ में दिनांक 09 अक्टूबर 2026, दिन शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

यह शिविर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बेमेतरा डॉ. शरद कोहाड़े एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी नवागढ़ डॉ. एम. एम. रज़ा के मार्गदर्शन में प्रातः 10:00 बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवागढ़ परिसर में आयोजित होगा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती माताओं, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों एवं थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। साथ ही आमजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श प्रदान करना है।
इस संबंध में खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम. एम. रज़ा ने बताया कि _”रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। यह एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए बेहद पुनीत और मानवता की सेवा का कार्य है। 18 से 65 वर्ष का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।”_
उन्होंने बताया कि शिविर में रक्तदान के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य जांच, बीपी, शुगर एवं अन्य परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग नवागढ़ ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों, युवाओं, शासकीय/अशासकीय कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है।
अपील: रक्तदान करें – जीवन बचाएं।



