‘मिशन 90 पार, मिशन 95 पार’! बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने प्राचार्यों को CEO जयंत नाहटा के सख्त निर्देश…

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बोर्ड परीक्षा के परिणाम सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक और कक्षा 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक परिणाम हासिल करने के लक्ष्य के साथ ‘मिशन 90 पार’ और ‘मिशन 95 पार’ की रणनीति तैयार की गई है।
इस संबंध में 6 अक्टूबर को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, शंकरदाह में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा की अध्यक्षता में जिले के शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पिछले वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए सीईओ जयंत नाहटा ने सभी विद्यालयों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर विशेष कार्ययोजना बनाने, उपचारात्मक कक्षाएं संचालित करने और अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने पर जोर दिया। साथ ही राज्य के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार 15 नवंबर तक पाठ्यक्रम पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने बोर्ड परीक्षा 2026 में 60 प्रतिशत से कम परिणाम देने वाले 29 शासकीय और 23 अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों से चर्चा कर सुधारात्मक प्रयासों की समीक्षा की। विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी के लिए प्रश्न बैंक और मॉडल उत्तरों का लिखित अभ्यास कराने के साथ ही शिक्षा विभाग के यूट्यूब चैनल और पीएम ई-विद्या के माध्यम से अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग देने पर भी चर्चा हुई।
हर 15 दिन में होगी समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई…
परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए प्राचार्यों को प्रत्येक 15 दिन में विद्यालय स्तर पर विषयवार समीक्षा बैठक और हर महीने विकासखंड स्तर पर समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। बेहतर परिणाम देने वाले प्राचार्यों को जिला प्रशासन सम्मानित करेगा, जबकि लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लगातार कमजोर परिणाम देने वाले अशासकीय विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में शनिवार को बैगलेस गतिविधियों के तहत कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कक्षाएं संचालित करने तथा विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और खेल संसाधनों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा यू-डाइस पोर्टल की प्रविष्टियां समयसीमा में पूरी करने और जन प्रयास पोर्टल पर एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थियों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए।
सीईओ जयंत नाहटा ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षा के परिणामों में सुधार के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग लगातार मॉनिटरिंग करेंगे।
बैठक में सहायक संचालक आर.एन. मिश्र, यदुनंदन वर्मा, कीर्ति कुमार साहू, जिला मिशन समन्वयक अनुराग त्रिवेदी, सहायक जिला परियोजना अधिकारी खेमेन्द्र कुमार साहू, सहायक कार्यक्रम समन्वयक अजय पाण्डेय सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) उपस्थित रहे।



