CG तहसीलदार सस्पेंड : CM विष्णुदेव साय का बड़ा एक्शन! शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर तहसीलदार सस्पेंड,देखे आदेश…

रायपुर। राजस्व विभाग ने कबीरधाम जिले के तहसीलदार को निलंबित कर दिया है।मुख्यमंत्री शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित सीबीडी भवन में संचालित CM Helpline कार्यालय पहुंचे और व्यवस्था की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों से शिकायतों की स्थिति जानी. मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर यह भी पूछा कि उनकी समस्याओं का समाधान हुआ है या नहीं. नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए निराकरण पर संतुष्टि जताई. समीक्षा के दौरान शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरतने वाले तहसीलदार प्रमोद कुमार चंद्रवंशी को निलंबित कर दिया गया है. वे कबीरधाम जिले के पिपरिया में पदस्थ थे.
जारी आदेश पढ़ें
”छत्तीसगढ़ शासन राजस्व विभाग से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान शिकायतों के निराकरण में प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी, तहसीलदार द्वारा गंभीर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता बरती गई है।
प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी, तहसीलदार पिपरिया, जिला कबीरधाम का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का स्पष्ट उल्लंघन है। अतएव राज्य शासन एतद् द्वारा प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी, जिला कबीरधाम को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित करता है।
निलंबन अवधि में प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी, तहसीलदार का मुख्यालय जिला कबीरधाम (छ.ग.) निर्धारित किया जाता है। निलंबन अवधि में प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी, तहसीलदार को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।”




