आदिम शब्द हमारी पहचान, नाम बदलना अपमान,धमतरी में आदिवासी कांग्रेस का विरोध, CM के नाम सौंपा ज्ञापन..!

धमतरी। छत्तीसगढ़ में आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर जनजातीय कार्य विभाग किए जाने के फैसले पर सियासत गरमा गई है। आदिवासी कांग्रेस जिला धमतरी ने इस निर्णय का विरोध करते हुए सरकार से पुराना नाम बहाल करने की मांग उठाई है।
16 अक्टूबर 2026 को जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी के नेतृत्व में आदिवासी कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने नाम परिवर्तन को आदिवासी समाज की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक अस्मिता और भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताया।
आदिवासी कांग्रेस का कहना है कि छत्तीसगढ़ आदिवासी बाहुल्य राज्य है और आदिम जाति विकास विभाग नाम समाज की मूल पहचान एवं गौरव का प्रतीक है। संगठन ने आरोप लगाया कि नाम बदलने से पहले आदिवासी समाज, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से कोई चर्चा नहीं की गई।
जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी ने कहा, आदिम शब्द हमारी पहचान है, नाम बदलना अपमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज की पहचान और सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन ने सरकार से निर्णय वापस लेकर विभाग का नाम पूर्ववत ‘आदिम जाति विकास विभाग’ रखने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक लेखराम साहू सहित शरद लोहाना, मोहन लालवानी, दीपक सोनकर, विजय देवांगन, राजू सोम, नेकू परते, लोकेश मरकाम, हर्ष मरकाम, विवेक कतलाम, रोशन वट्टी, दुर्गेश मंडावी, लक्ष्मण मरकाम, भूषण नेताम और नरेश कतलाम समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


