अन्य ख़बरें

CG – द्रोणाचार्य विद्यालय सोनसरी में साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन विद्यार्थियों को साइबर अपराध पॉक्सो एक्ट और यातायात नियमों की थाना प्रभारी नें दी जानकारी पढ़े पूरी ख़बर

पचपेड़ी//संकुल केंद्र बोहारडीह, विकासखंड मस्तूरी, जिला बिलासपुर के द्रोणाचार्य संस्कृत उच्च माध्य विद्यालय सोनसरी में शुक्रवार 16 अक्टूबर को साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वर्तमान में डिजिटल तकनीक और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसे देखते हुए विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी पचपेड़ी कमला पुसाम ठाकुर ओम प्रकाश खूंटे एवं साधना साहू उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, पॉक्सो अधिनियम, यातायात नियमों तथा पुलिस के दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय…

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, इनाम एवं लॉटरी का लालच, नकली लिंक, फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी, बैंक संबंधी जानकारी प्राप्त करने के बहाने ठगी तथा डिजिटल भुगतान के नाम पर ठगी करते हैं। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी एवं अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करना चाहिए।

पॉक्सो अधिनियम के संबंध में जागरूकता…

कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से यह कानून बनाया गया है। विद्यार्थियों को अच्छे एवं बुरे स्पर्श के प्रति सजग रहने, किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहने तथा विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक या संबंधित अधिकारी को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही इंटरनेट और सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करने की सलाह दी गई।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील…

अतिथियों ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराया। बताया गया कि सड़क पर सावधानी बरतना, यातायात संकेतों का पालन करना, दोपहिया पर हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट लगाना आवश्यक है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, तेज गति से बचने और नाबालिगों द्वारा बिना लाइसेंस वाहन न चलाने की अपील की गई।

पुलिस के दायित्व एवं कार्यों की जानकारी…

पुलिस का प्रमुख कार्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों की रोकथाम, जांच करना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, इस बारे में भी विद्यार्थियों को बताया गया।

प्राचार्य ने लक्ष्य निर्धारण के लिए किया प्रेरित…

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य कुंजल राम मरार ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ सामाजिक, कानूनी, नैतिक एवं डिजिटल जागरूकता भी आवश्यक है। विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं मेहनत को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार से फिरतु राम, दुर्गेश्वरी साव, नीतू जायसवाल, विजय कुमार, शिव कुमार, लख राम एवं सोमनाथ वैष्णव सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button