अन्य ख़बरें

CG – तस्वीर में कैद बेजुबानों की सच्ची दोस्ती जब कुत्ते- बिल्ली ने सिखाया इंसानियत का पाठ..! साथ खाना साथ सोना एक न दिखे तो हो जाते हैं बेचैन पढ़े पूरी ख़बर

कोरबा//कहते हैं कुत्ते और बिल्ली के बीच छत्तीस का आंकड़ा होता है और दोनों एक- दूसरे के जन्मजात दुश्मन हैं। लेकिन सामने आई इस तस्वीर ने इस कहावत को पूरी तरह झुठला दिया है। तस्वीर में दिख रहे इस कुत्ते और बिल्ली की दोस्ती लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही है कि जब बेजुबान जानवर इतना प्यार निभा सकते हैं, तो हम इंसान क्यों नहीं।

रात के सन्नाटे में ली गई यह तस्वीर बेहद खास है। अंधेरे में कैमरे की रोशनी से कुत्ते की आंखें चमक रही हैं, लेकिन उसके बगल में निडर होकर बैठे बिल्ली को देख कर लगता ही नहीं कि उसे कोई डर है। वह पूरी तरह से सुरक्षित महसूस कर रहा है, क्योंकि उसे पता है कि उसका दोस्त उसकी रखवाली कर रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इन दोनों की दोस्ती किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है तथा इनकी यारी ऐसी है कि सुबह से शाम तक दोनों एक साथ रहते हैं, एक साथ खाते हैं और एक ही आंगन में साथ- साथ सोते हैं तथा गली में साथ ही घूमने निकलते हैं। दोनों में इतना गहरा लगाव है कि अगर दिन में एक- दूसरे को थोड़ी देर न देखें तो बेचैन होकर पूरे घर- मोहल्ले में एक- दूसरे को ढूंढने लगते हैं। बिल्ली की शरारतें भी देखने लायक हैं। कभी वह उछल कर कुत्ते की पीठ पर चढ़ जाता है, तो कभी धीरे से अपने नन्हे पंजों से उसके चेहरे पर थाप मारता है।

लेकिन कुत्ता कभी गुस्सा नहीं करता। वह बस प्यार से अपनी पूंछ हिलाता रहता है और जवाब में बड़े दुलार से बिल्ली के चेहरे को चाट कर उसे अपनेपन का एहसास दिलाता है। इन बेजुबानों की दोस्ती के साक्षी बताते हैं कि पहले उन्होंने भी सोचा था कि कुत्ता बिल्ली को नुकसान पहुंचाएगा, लेकिन जब देखा कि कुत्ता बिल्ली के खाने का इंतजार करता है और बिल्ली के बिना खाना नहीं खाता, तो सभी हैरान रह गए। यह तस्वीर सिर्फ दो जानवरों की नहीं, बल्कि इस बात का सबूत है कि दोस्ती नस्ल, जात या प्रजाति देख कर नहीं होती। जहां सच्चा प्यार और विश्वास हो, वहां दुश्मनी भी दोस्ती में बदल जाती है। इन बेजुबानों ने आज के मतलबी इंसानों को सच्ची दोस्ती और वफादारी की सबसे बड़ी सीख दी है।

Related Articles

Back to top button