CG देवी-देवताओं पर पोस्ट को लेकर घिरे शिक्षक, VHP की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई…..

जशपुर। सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में कुनकुरी पुलिस ने 52 वर्षीय हेमंत कुमार बेदी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के फेसबुक अकाउंट से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट किए जाने की शिकायत पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि हेमंत कुमार बेदी ने अपने फेसबुक अकाउंट से हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों को लेकर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की है। इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार बेदी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आपत्तिजनक पोस्ट करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और जियो सिम कार्ड को भी जब्त किया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इधर, जशपुर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और समाज में आपसी वैमनस्य फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।



