CG- धर्मांतरण के मुद्दे पर बवाल, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद पहुंची पुलिस, फिर जो हुआ…..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर में धर्मांतरण के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक मकान में आयोजित प्रार्थना सभा के जरिए हिंदू परिवारों को धर्मांतरण के लिए प्रलोभन दिया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय से हिंदू परिवारों को आर्थिक प्रलोभन और बेहतर स्वास्थ्य का झांसा देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।
बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक प्रवीण राठौर का आरोप है कि पास्टर पीतांबर सिंह नाम का व्यक्ति बाहर से ओमपुर आता है और हर रविवार को गार्डिया के मकान में प्रार्थना सभा आयोजित करता है। इसके माध्यम से हिंदू परिवारों को आर्थिक मदद का प्रलोभन देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जाता है। प्रार्थना से बीमारी भाग जाने का ढकोसला भी पास्टर करता है। राठौर ने यह भी आरोप लगाया कि हिंदू देवी-देवताओं को मानने वाले लोगों के प्रति नकारात्मक बातें की जाती है। यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। रात को आयोजित सभा में करीब 15 हिंदू परिवार मौजूद थे। चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी और स्थिति शांत कराई। बजरंग दल की शिकायत की जांच की जा रही है।
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने प्रलोभन देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने की गतिविधियों पर रोक लगाने कहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर संवैधानिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।



