CG चाचा-भतीजा की मौत : मातम में बदली त्योहार की खुशियां, अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आए स्कूटी सवार चाचा-भतीजा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत……

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विजयादशमी के दिन दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर अज्ञात भारी वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक एक ही परिवार के थे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक व अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
मृतकों की पहचान 24 वर्षीय यशवंत गुप्ता और 20 वर्षीय शुभम गुप्ता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नोनबिर्रा में नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। विजयादशमी के दिन दोपहर में प्रतिमा विसर्जन के बाद दोनों युवक इलेक्ट्रिक बाइक से पंडित के यहां सामान छोड़ने गए थे। वहां से वापस लौटते समय रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर शाम करीब 4 बजे वे तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फोरेंसिक टीम कौ मौके पर बुलाकर भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। पंचानाम के बाद शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद भारी वाहन चालक के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
करतला थाना प्रभारी गणेश राम यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



