CG मुजगहन हत्याकांड का पर्दाफाश! चाकू-डंडों से हमला कर दीपांशु की हत्या, अर्जुनी पुलिस ने 4 आरोपियों को भेजा जेल..!
Chhattisgarh धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम मुजगहन में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का धमतरी पुलिस ने खुलासा किया है। पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर चाकू और लकड़ी के डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हमले में गंभीर रूप से घायल दीपांशु साहू की मौत हो गई, जबकि विकास साहू का उपचार जारी है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुरानी रंजिश में हुआ था जानलेवा हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे ग्राम मुजगहन के मेन रोड पर सुदामा साहू के घर के सामने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, लकड़ी के डंडों और धारदार चाकू से हमला किया गया।
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल शासकीय जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास साहू का उपचार जारी है।
अर्जुनी पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे सहित अन्य संबंधित सामान गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), रितेश नेताम (22 वर्ष), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों आरोपी रत्नाबांधा, धमतरी के निवासी हैं।
BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115(2), 118(1), 351(3), 190, 191(1), 191(2) और 103(1) के अंतर्गत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश और पतासाजी लगातार जारी है।
धमतरी पुलिस की अपील..
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें तथा किसी भी हिंसक गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

