धमतरी में ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर चोरी, सोना-चांदी और नकदी पार, बेचने निकले 2 आरोपी गिरफ्तार; 87 हजार की चांदी बरामद..!

धमतरी। शहर में ज्वेलरी रिपेयरिंग दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी और नकदी चोरी करने के मामले में धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 87 हजार रुपये मूल्य के चांदी के गलाए हुए टुकड़े, तीन मोबाइल फोन और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। वहीं, चोरी किए गए सोने के टुकड़ों की बिक्री में कथित रूप से संलिप्त दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
शटर का ताला तोड़कर दुकान में की थी चोरी…
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेंद्र सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सेठिया ज्वेलर्स के सामने स्थित उनकी सोने-चांदी की रिपेयरिंग दुकान में 11 अक्टूबर की रात से 12 अक्टूबर 2026 की सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर प्रवेश किया था।
आरोपियों ने दुकान में रखे करीब 9 ग्राम गलाए हुए सोने के टुकड़े, लगभग 500 ग्राम गलाए हुए चांदी के टुकड़े और 6,500 रुपये नकद चोरी कर लिए थे। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 93,500 रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, चांदी बेचने निकले थे आरोपी…
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यादव भवन, आमातालाब के पास दो संदिग्ध युवक चोरी के चांदी के टुकड़े बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी जयेश शर्मा ने दुकान का ताला तोड़कर सोने और चांदी के टुकड़े चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी किए गए सोने के टुकड़े हफीज खान और शेख इस्लाम उर्फ छोटू को बेचने के लिए दिए थे, जबकि चोरी की नकदी खर्च कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को दोनों आरोपी चोरी की चांदी के तीन गलाए हुए टुकड़े बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) भी जोड़ी गई।
87 हजार की चांदी, तीन मोबाइल और स्कूटी जब्त…
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चांदी के तीन गलाए हुए टुकड़े बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 87 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG-04-PE-0115 भी जब्त की गई है।
दो आरोपी जेल भेजे गए, अन्य की तलाश जारी…
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयेश शर्मा (25 वर्ष), निवासी सदर बाजार, धमतरी और दानेश्वर बनबेर (25 वर्ष), निवासी बठेना पारा, जेल रोड, धमतरी के रूप में की है। दोनों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वहीं, चोरी किए गए सोने के टुकड़ों की बिक्री के मामले में कथित रूप से संलिप्त हफीज खान और शेख इस्लाम उर्फ छोटू की पतासाजी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्तता को लेकर विवेचना जारी है।
धमतरी पुलिस की अपील…
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या चोरी की संपत्ति के अवैध क्रय-विक्रय की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।