CG मामूली विवाद, खौफनाक अंजाम, मोबाइल के लिए भाई ही बना भाई का कातिल, डंडे के वार से 16 वर्षीय किशोर की मौत, बड़ा भाई गिरफ्तार..!

Chhattisgarh धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मोबाइल देखने की बात पर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने ही 16 वर्षीय छोटे भाई पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की मौत हो गई। मामले में खल्लारी पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम फरसगांव की है। कैलाश सोरी और उसका छोटा भाई कुंदन सोरी खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान मोबाइल देखने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान बड़े भाई कैलाश ने गुस्से में आकर छोटे भाई कुंदन के सिर और पीठ पर डंडे से वार कर दिया। हमले के कारण कुंदन जमीन पर गिर पड़ा। उसके माथे और पैर में भी चोटें आईं। बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टर से प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कैलाश सोरी (19 वर्ष), निवासी ग्राम फरसगांव, को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस की अपील: पुलिस ने लोगों से पारिवारिक और आपसी विवाद के दौरान संयम बरतने तथा विवाद को हिंसक रूप लेने से रोकने के लिए शांति और समझदारी से काम लेने की अपील की है।
