नशे के नेटवर्क पर होगा बड़ा प्रहार, तस्करों की संपत्ति होगी कुर्क:विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश, उत्पादन से सप्लाई और बिक्री तक पूरे नेटवर्क की होगी जांच।

रायपुर/छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज होगी। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्रवाई केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित न रहे, बल्कि बड़े तस्करों, संगठित गिरोहों और उनके वित्तीय सहयोगियों की पहचान कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए।
नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में गृह मंत्री ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों,मादक पदार्थों की जब्ती,संपत्ति कुर्की और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के राजसातीकरण की समीक्षा की।
विजय शर्मा ने गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों के स्रोत,परिवहन मार्ग, सप्लायर,स्थानीय विक्रेताओं और कारोबार के संचालकों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार की जड़ों तक पहुंचकर पूरे आपराधिक नेटवर्क पर कार्रवाई की जाए।
अवैध कमाई और संपत्तियों पर शिकंजा
नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर नियमानुसार कुर्की और जब्ती की कार्रवाई तेज की जाएगी। अवैध वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट और वित्तीय एवं विधिक विशेषज्ञों को शामिल करते हुए विशेष समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए।
सूखे नशे और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच होगी। स्कूल-कॉलेजों और युवाओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ प्रतिबंधित दवाओं,नशीले कैप्सूल और सिरिंज-नीडल के अवैध कारोबार पर सख्ती बरती जाएगी।
गृह मंत्री ने निर्देश दिए कि विधिक प्रक्रिया पूरी कर चुके 30 जून 2026 तक जब्त किए गए छह माह से अधिक पुराने मादक पदार्थों का नष्टीकरण 31 दिसंबर 2026 तक सुनिश्चित किया जाए। तस्करी में इस्तेमाल वाहनों के राजसातीकरण और नीलामी की प्रक्रिया भी आगामी तीन माह में तेज करने को कहा गया।
हेल्पलाइन 1933 का होगा प्रचार
नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय मादक पदार्थ निषेध हेल्पलाइन ‘मानस’ के टोल फ्री नंबर 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और युवाओं को नशा विरोधी जागरूकता अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
विजय शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को जनआंदोलन का स्वरूप देना जरूरी है।पुलिस, प्रशासन और समाज के समन्वित प्रयासों से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए।
बैठक में सचिव नेहा चंपावत, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार,पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



