छत्तीसगढ़

CG- शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का ऐसा जाल, डॉक्टर के डूब गए इतने लाख, 3 युवतियों समेत 5 गिरफ्तार…..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शेयर ट्रेडिंग के जरिए मोटी कमाई का सपना दिखाकर एक डॉक्टर से 34 लाख 17 हजार रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। मामले की जांच में पुलिस ने इंदौर से संचालित साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन युवतियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर को शेयर बाजार में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगी के जाल में फंसाया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में इंदौर के एक कॉल सेंटर से जुड़े नेटवर्क, म्यूल बैंक खातों और सिम कार्ड के जरिए ठगी की रकम के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी के लिए करीब 140 से 150 सिम कार्ड उपलब्ध कराने की बात भी जांच में सामने आई है।

इस मामले में पुलिस ने ज्योति मालवीय, तनिषा पाटिल, तरुण नागर, गायत्री विश्वकर्मा और सूरज शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर थाना रायगढ़ में दर्ज दो मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। साथ ही, ठगी की रकम के लेनदेन और दूसरे राज्यों में सक्रिय संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

रायगढ़ पुलिस ने लोगों को शेयर ट्रेडिंग में असामान्य रूप से अधिक मुनाफे का वादा करने वाली योजनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस ने यह भी अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अपना बैंक खाता या सिम कार्ड दूसरों को इस्तेमाल करने के लिए न दे, क्योंकि इनका इस्तेमाल साइबर अपराध में किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button