CG – मस्तूरी जनपद के ग्राम पंचायत भटचौरा में नवधा रामायण का आयोजन, भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी// जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत भटचौरा में नवधा रामायण का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीणों के सहयोग और उत्साह से पूरे गांव में भक्ति का माहौल बना हुआ है।
सरपंच पति सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि ग्राम पंचायत भटचौरा में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी नवधा रामायण का आयोजन कराया जा रहा है। यह आयोजन गांव की सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे के लिए कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि आयोजन में दूर-दराज से मानस मंडलियां पहुंचकर अपनी मधुर वाणी में रामचरितमानस का पाठ और भजन कीर्तन कर रही हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में रोजाना बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे शामिल होकर धर्म लाभ ले रहे हैं।
सरपंच पति सुरेश कुमार पटेल ने आगे बताया कि बाहर से आने वाले मानस मंडलियों और श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी और ठहरने की समुचित व्यवस्था ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के सहयोग से की गई है।
गांव में हो रहे इस नवधा रामायण से पूरे क्षेत्र में हर्ष और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।
