CG- राजधानी में घर के अंदर चल रही थी बम बनाने की फैक्ट्री, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, मचा हड़कंप..…

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध पटाखा निर्माण के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घर में अवैध रूप से बम और पटाखे बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में बम और अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना गोलबाजार क्षेत्र के गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति फटाका दुकान का संचालक दुकान के ऊपर स्थित अपने घर के कमरे में अवैध बम तैयार करवा रहा है।
इस सूचना पर एसडीएम रायपुर कार्यालय और पुलिस की संयुक्त टीम, थाना प्रभारी गोल बाजार निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में मौके पर पहुँचकर जाँच की। जाँच के दौरान उक्त कमरे में “TOP TIGER” नाम के पटाखे तैयार किए जाते पाए गए। मौके से पाँच कार्टन तैयार पटाखे, बोरियों एवं कार्टन में रखे अर्धनिर्मित पटाखे तथा पटाखा निर्माण में प्रयुक्त एल्यूमिनियम पाउडर जप्त किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद सामग्री पटाखा निर्माण में प्रयुक्त लो एक्सप्लोसिव श्रेणी की है। संयुक्त टीम द्वारा संबंधित कमरे को सील करने की कार्यवाही की गई।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
प्रकरण में आरोपीगण श्याम लाल ठाकुर पिता बी. एल. ठाकुर 76 वर्ष, निवासी गणेश राम नगर, दीपक ठाकुर पिता दशरथ लाल ठाकुर 57 वर्ष निवासी कालीनगर पंडरी को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 288 के तहत कार्रवाई की जा रही है।



