जिले के 375 गांवों के 19 हजार से अधिक परिवारों को मिला जमीन का मालिकाना हक, राज्योत्सव में सांसद संतोष पाण्डेय ने हितग्राहियों को सौंपे स्वामित्व अधिकार पत्र,संपत्ति की मिली वैधानिक पहचान।

कवर्धा/अब ग्रामीण परिवारों को अपनी आवासीय जमीन के मालिकाना हक का दस्तावेज मिल रहा है। सोमवार को राज्योत्सव के अवसर पर पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय ने राजस्व विभाग के स्टॉल पर हितग्राहियों को अधिकार पत्र सौंपे। कबीरधाम जिले में स्वामित्व योजना के तहत अब तक 375 गांवों के 19 हजार 140 हितग्राहियों को स्वामित्व अधिकार पत्र वितरित किए जा चुके हैं। अधिकार पत्र मिलने पर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
सांसद पाण्डेय ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्ति का वैधानिक अधिकार दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीणों को अपनी संपत्ति का प्रमाणित दस्तावेज मिल रहा है और उनके अधिकार सुरक्षित हो रहे हैं। योजना का लाभ मिलने से ग्रामीणों को संपत्ति संबंधी विवादों से राहत मिलने के साथ बैंकिंग और वित्तीय सुविधाओं का लाभ लेने में भी सहूलियत होगी। संपत्ति के स्वामित्व को लेकर स्पष्टता आने से भविष्य में संपत्ति संबंधी लेन-देन भी आसान होगा।
राज्योत्सव में राजस्व विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को स्वामित्व योजना के उद्देश्य,प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी गई। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को अधिकार पत्र प्रदान कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की पहल की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण और संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



